विजय सिन्हा /गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पंपों पर बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर लगी रोक के बीच गरियाबंद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक ने नियम तोड़ने के बजाय ऐसा तरीका अपनाया कि अब उसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला गरियाबंद-रायपुर रोड स्थित शांति फ़्यूल्स पेट्रोल पंप का है। मंगलवार को अचानक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पेट्रोल पंप परिसर में पहुंची, जिसमें कोई सामान नहीं बल्कि एक मोटरसाइकिल रखी हुई थी। ट्रॉली में बाइक देखकर वहां मौजूद लोग और कर्मचारी भी हैरान रह गए।

बताया जा रहा है कि युवक कहीं जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। उसने आसपास पेट्रोल की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर लगी रोक के कारण उसे कहीं पेट्रोल नहीं मिला। इसके बाद युवक ने गांव से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक से मदद मांगी।

ट्रैक्टर चालक ने इंसानियत दिखाते हुए युवक और उसकी बाइक को ट्रॉली में बैठा लिया। इसके बाद युवक अपनी बाइक को ट्रॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया और वहीं बाइक में पेट्रोल भरवाया।

जब पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने युवक से ट्रॉली में बाइक लाने की वजह पूछी तो उसने पूरी कहानी बताई। उसकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे। लोगों ने युवक की समझदारी की तारीफ करते हुए कहा कि उसने नियम तोड़ने के बजाय सुरक्षित और सही रास्ता चुना।

शांति फ़्यूल्स के संचालक दीप सिन्हा ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इसे “देसी जुगाड़”, “नियमों का सम्मान” और “ग्रामीण समझदारी” का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *