आंधी-बारिश में रुका था कर्मचारी, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम; हालत नाजुक रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए गए। बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना में घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित की पहचान टीकाराम शर्मा के रूप में हुई है, जो ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि टीकाराम शर्मा मंगलवार शाम एक ब्रांच से दूसरी ब्रांच में जेवरात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह मोड़ के पास आंधी-बारिश के कारण वे रुक गए। जैसे ही मौसम शांत हुआ और वे आगे बढ़े, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने टीकाराम के सिर पर तलवार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी उनके पास मौजूद सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। हमलावरों की संख्या 2 से 3 बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह वारदात पूरी तरह से सुनियोजित लग रही है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। Post navigation फर्जी पर्ची घोटाला : QR कोड से वसूली का खेल, पैसा जा रहा था निजी खातों में, मो. शोएब और टीम पर गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच IPL टिकट का गोरखधंधा : 3500 की टिकट 5000 में… रायपुर में IPL मैच से पहले शुरू हुई ब्लैक मार्केटिंग