दिल्ली से पकड़ी गई आरोपी, पहले ही 4 आरोपी हो चुके गिरफ्तार, फर्जी MBBS और BAMS डिग्री बनाकर गिरोह को करती थी सप्लाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में फर्जी एमबीबीएस डिग्री और पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक और आरोपी महिला साक्षी सिंह को गिरफ्तार किया है।

मामले में प्रार्थी संजय निराला की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने और फर्जी सर्टिफिकेट देने का झांसा देकर कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी की।

जांच के दौरान पहले ही भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को साक्षी सिंह की भूमिका का पता चला, जिसके बाद टीम को दिल्ली भेजा गया और उसे वहां से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में साक्षी सिंह ने कबूल किया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी.वाई. पाटिल विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, पुणे के नाम से फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस डिग्री तैयार कर गिरोह को उपलब्ध कराती थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *