बीजापुर। जिलामें बच्चा चोरी के शक में भीड़ द्वारा की गई बर्बर पिटाई की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है, जहां ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेते हुए पियून और एक स्कूली छात्र को बेरहमी से लाठी-डंडों से पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भीड़तंत्र की खतरनाक तस्वीर सामने आ रही है। वहीं, इसी तरह की एक और शर्मनाक घटना आरंग में भी सामने आई है, जहां 16 तारीख को बच्चा चोरी के शक में एक महिला को भी भीड़ ने अमानवीय तरीके से पीटा।

जानकारी के मुताबिक, वंगापल्ली गांव में बीएड-डीएड कॉलेज के पियून संतोष कावटी और 9वीं के छात्र विकास कावटी को बच्चा चोरी के शक में घेरकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया। दोनों दंपाया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मारपीट इतनी बर्बर थी कि छात्र की हालत गंभीर हो गई, जिसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

आरंग में महिला से मारपीट का मामला, बच्चा चोरी के शक में भीड़ का हमला

आरंग में 16 तारीख को बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ भीड़ द्वारा बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि महिला खुद को बचाने के लिए हाथ जोड़कर माफी मांग रही है, लेकिन भीड़ उस पर लगातार हमला करती रही। कुछ लोग महिला के साथ आपत्तिजनक तरीके से छेड़छाड़ करते हुए मारपीट कर रहे हैं, जो इस घटना को और भी गंभीर बनाता है।

इस पूरे मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला को सिर्फ शक के आधार पर निशाना बनाया गया, जो भीड़तंत्र और अफवाहों के खतरनाक असर को दिखाता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें।


JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *