रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट से दोषी करार दिए जाने के बाद अमित जोगी ने प्रतिक्रिया दी है। कोर्ट के तीन हफ्ते में सरेंडर के आदेश के बाद जोगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उनके साथ गंभीर अन्याय हुआ है और उन्हें सर्वोच्च न्यायालय से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।


“बिना सुनवाई के दोषी करार देना अप्रत्याशित”

अमित जोगी ने अपने पोस्ट में लिखा कि माननीय उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ CBI की अपील को मात्र 40 मिनट में स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।

जोगी ने कहा कि जिस व्यक्ति को पहले अदालत ने दोषमुक्त किया था, उसे बिना सुनवाई का अवसर दिए दोषी ठहराया जाना बेहद अप्रत्याशित है।


“3 हफ्ते में सरेंडर का आदेश, लेकिन सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा”

अमित जोगी ने बताया कि हाईकोर्ट ने उन्हें तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। हालांकि उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि मुझे वहां से न्याय जरूर मिलेगा। मैं पूरी शांति और धैर्य के साथ आगे बढ़ रहा हूं।”


“सत्य की जीत होगी”

जोगी ने अपने संदेश में कहा कि वे आस्था और विश्वास के साथ आगे की कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने लिखा कि अंत में सत्य की ही जीत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *