रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में हुई, जहां लिफ्ट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया। उस समय कई लोग अपने-अपने घरों में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग भड़क उठी। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए रहवासियों को अलर्ट किया। गार्ड और लोगों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी थी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। वहीं दूसरी घटना भनपुरी इलाके में सामने आई, जहां एक बंद पड़े तंबाखू गोदाम में आग लग गई। बताया जा रहा है कि कचरा जलाने की वजह से आग भड़की और धीरे-धीरे पूरे गोदाम में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने भवनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच कराएं और सतर्क रहें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। JOHARPOST.IN Post navigation सूरजपुर ब्रेकिंग: आग में झुलसी युवती की पहचान नहीं, हालत गंभीर ब्रेकिंग न्यूज़ — राजनांदगांव : हाइवा बना मौत का पहिया! खदान में कुचलकर महिला की दर्दनाक मौत