रायपुर। राजधानी में चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में 66 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन पार करने वाली महिला गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाता था।

भीड़ का फायदा उठाकर वारदात

प्रार्थी तरूणेन्द्र वर्मा की शिकायत के अनुसार, उनकी माता निर्मला वर्मा 8 अप्रैल की शाम चंगोराभाठा बाजार सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन पार कर दी। महिला को इसकी भनक कुछ दूर जाने पर लगी।

CCTV में खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराती दिखीं और चेन निकालते हुए भी कैद हो गईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया।

बस स्टैंड से दबोचा पूरा गैंग

पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास खड़ा है। घेराबंदी कर पुलिस ने वाहन को पकड़ा, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। पूछताछ में सभी ने गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती करने पर वारदात कबूल कर ली।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर सहित कई इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा वारदात कर चुका है। इसके अलावा गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

11 लाख से ज्यादा का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपए नकद, सोने की चेन, कटर, 4 मोबाइल फोन और एक इनोवा कार (कुल कीमत करीब 11.30 लाख रुपए) जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपी इंदौर (मध्यप्रदेश) और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *