रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले 48 घंटों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। इसके साथ ही 25 से 27 अप्रैल के बीच मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में भी हालात गंभीर बने हुए हैं, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। गर्मी का असर इतना तेज है कि दुर्ग और भिलाई जैसे शहरों में लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को राहत देने के लिए पानी की फुहारों का सहारा लिया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार विदर्भ से दक्षिण भारत तक बनी ट्रफ लाइन और बंगाल-ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण गर्म और शुष्क हवाएं लगातार प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं। यही वजह है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है, लेकिन इससे पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अलग-अलग स्थानों पर लू का असर बना रहेगा। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने भी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बिलासपुर में व्यापम की परीक्षाओं का समय बदल दिया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से आयोजित होंगी, जो पहले दोपहर 12 बजे होती थीं। 26 अप्रैल, 14 मई और 21 मई को होने वाली प्रमुख परीक्षाएं इसी नए समय पर होंगी। Post navigation पहले रिश्ता… फिर आरोप! कोर्ट बोला- यहां धोखा नहीं हुआ हॉलीडे पैकेज बना जाल: एडवांस लेते ही बंद कर दी कंपनी, कई लोग बने शिकार