रायपुर। राजधानी रायपुर में हॉलीडे पैकेज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के संचालक ने एडवांस के रूप में करीब 2.94 लाख रुपए लेकर ऑफिस बंद कर दिया और फरार हो गया। शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नागेश कुमार के रूप में हुई है। वह मैग्नेटो मॉल स्थित ‘प्लू वेरियंट’ नाम की ट्रैवल एजेंसी चलाता था।


एडवांस लेने के बाद गायब हुआ आरोपी

सरस्वती नगर निवासी पीड़ित महेश सिंह राजपूत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार आरोपी नागेश ने देश-विदेश के आकर्षक टूर पैकेज का लालच दिया और भरोसा दिलाया कि पूरी यात्रा की व्यवस्था उसकी कंपनी करेगी।

पीड़ित ने एडवांस के तौर पर करीब 2.94 लाख रुपए दिए, लेकिन पैसे लेने के बाद न तो कोई बुकिंग की गई और न ही कोई सेवा दी गई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने अपना ऑफिस बंद कर दिया और मोबाइल भी बंद कर लिया।


कई और लोगों से ठगी का आरोप

पीड़ित का दावा है कि नागेश कुमार ने केवल उससे ही नहीं बल्कि अन्य कई लोगों से भी इसी तरह पैसे लेकर ठगी की है। मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।


पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी जल्द

तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *