गरियाबंद। जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में सैलरी को लेकर ऐसा बवाल मचा कि पूरा CMO ऑफिस अखाड़े में बदल गया। इंजीनियर और अकाउंटेंट के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इंजीनियर और उसके साथियों ने अकाउंटेंट को थप्पड़ और घूंसे मारे। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

बातचीत से शुरू हुआ विवाद, फिर बरसने लगे थप्पड़

जानकारी के मुताबिक, 7 मई की शाम करीब 5 बजे देवभोग नगर पंचायत के CMO ऑफिस में इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को वेतन भुगतान में देरी को लेकर बुलाया था। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि इंजीनियर के साथ मौजूद लोगों ने अचानक संदीप चंद्राकर पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में अकाउंटेंट भी जवाबी कार्रवाई करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई।

ऑफिस के अंदर मचा हड़कंप, CMO करते रहे बीच-बचाव

मारपीट के दौरान वहां मौजूद कर्मचारी सहम गए। वीडियो में प्रभारी CMO दुष्यंत साहू दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक गुस्से में खड़े दिखाई दिए।

घटना के बाद नगर पंचायत कार्यालय में तनाव का माहौल बन गया। कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

दोनों पक्षों ने कराया केस दर्ज

मारपीट के बाद अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर ने इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर इंजीनियर पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

देवभोग पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।

कर्मचारी यूनियन की एंट्री, गिरफ्तारी की मांग

इस मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश कोषाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। घटना से नाराज यूनियन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

CCTV पर भी उठे सवाल… जानिए क्या बोली पुलिस

पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन नगर पंचायत कार्यालय से CCTV फुटेज मांगा गया था, लेकिन रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोबारा जानकारी मांगी है।

थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने कहा कि पूरे विवाद की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि आखिर वेतन भुगतान को लेकर विवाद इतना क्यों बढ़ा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

इधर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच तालमेल की कमी से नगर पंचायत की छवि खराब हो रही है। उन्होंने सरकार से जिम्मेदार अधिकारियों की पोस्टिंग की मांग करने की बात कही है।

पढ़िए क्या हुआ… सैलरी विवाद से शुरू हुआ झगड़ा अब पुलिस जांच और यूनियन आंदोलन तक पहुंच चुका है। वायरल VIDEO ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *