मैग्नेटो मॉल में हॉकी लेकर पहुंचा इन्फ्लुएंसर का भाई, शिक्षक परिवार से बदसलूकी का VIDEO वायरल

रायपुर। राजधानी के मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में गाड़ी निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देर रात हंगामे में बदल गया। सोशल मीडिया पर खुद को जनपक्षीय आवाज बताने वाली कथित इन्फ्लुएंसर सोमा देवांगन के भाई रॉकी उर्फ रोहन देवांगन पर शिक्षक परिवार के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हॉकी लेकर धमकाने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है।

शिक्षक परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता धनिशा धीवर ने तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वे 9 मई की रात अपने परिवार और बच्चों के साथ मैग्नेटो मॉल घूमने गई थीं। रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच जब उनका परिवार बोलेरो वाहन को पार्किंग से निकाल रहा था, तभी दूसरी कार में सवार रोहन, सोमा और गरिमा वहां पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक, पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर बहस शुरू हुई। आरोप है कि रोहन गाड़ी से उतरते ही शिक्षक परिवार के साथ अभद्र भाषा में बात करने लगा और “गांव का गंवार” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने यह तक कहा कि “ऐसे लोगों को मॉल में एंट्री कौन देता है।”

हॉकी निकालकर धमकाने का आरोप

परिवार का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहन अपनी गाड़ी से हॉकी निकाल लाया और मारपीट की धमकी देने लगा। बीच-बचाव के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें गोपेश साहू के पैर में चोट आई जबकि शिक्षिका के बेटे अरमान धीवर के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वायरल वीडियो में आरोपी युवक आक्रामक अंदाज में बहस करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस पहुंची मौके पर, दोनों पक्षों ने दी शिकायत

विवाद बढ़ने की सूचना मिलने के बाद तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो और पार्किंग के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन्फ्लुएंसर ने भी दर्ज कराई शिकायत

शिक्षक परिवार की शिकायत के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोमा देवांगन ने भी बोलेरो चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।

देर रात थाने पहुंचा बजरंग दल

घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ता भी तेलीबांधा थाने पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने शिक्षक परिवार के समर्थन में आरोपी रोहन और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वायरल हो रही पुरानी तस्वीरें

घटना के बाद सोशल मीडिया पर आरोपी रोहन की कुछ पुरानी तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनमें वह कथित सटोरी बाबू खेमानी के साथ दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों और वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पुलिस ने वायरल तस्वीरों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आम लोगों और प्रशासन पर लगातार सवाल खड़े करने वाले सोशल मीडिया चेहरों के परिवार का व्यवहार आखिर समाज के प्रति कैसा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर “देहाती”, “गंवार” जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *