छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर बढ़ी बेचैनी: कहीं 2KM लंबी लाइनें, कहीं लिमिट तय, लोग टंकियां फुल कराने में जुटे

रायपुर। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और कई पेट्रोल पंपों पर सप्लाई प्रभावित होने के बाद छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। राजधानी रायपुर से लेकर भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर और बलौदाबाजार तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई जगहों पर देर रात तक वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

रायपुर में सुबह से रात तक भीड़

राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंपों पर दिनभर दबाव बना रहा। कई जगहों पर लोग टंकियां फुल कराने के साथ अतिरिक्त पेट्रोल भी भरवाते नजर आए। बढ़ती कीमतों और सप्लाई को लेकर फैली चर्चाओं के कारण लोगों में चिंता बढ़ती दिखी।

भिलाई-दुर्ग में 2 किलोमीटर तक पहुंची लाइनें

भिलाई सेक्टर-6 और दुर्ग के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार करीब 2 किलोमीटर तक पहुंच गई। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पंपों पर स्टॉक तेजी से खत्म होने लगा। कुछ जगहों पर पेट्रोल खत्म होने के बाद लोगों को दूसरे पंपों की ओर जाना पड़ा।

बिलासपुर में IOCL पंपों पर सबसे ज्यादा दबाव

बिलासपुर में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। पेट्रोल और डीजल की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई। पंपों पर लगातार वाहनों की आवाजाही बनी रही।

बलौदाबाजार में पेट्रोल भराने की लिमिट तय

बलौदाबाजार में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बाइक और कारों के लिए पेट्रोल भराने की लिमिट तय कर दी। इसके बावजूद पंपों पर भीड़ कम नहीं हुई और लोग लगातार पेट्रोल भरवाने पहुंचते रहे।

कोरबा में हालात फिलहाल सामान्य

कोरबा में बाकी जिलों की तुलना में स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। हालांकि वहां भी पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों से ज्यादा भीड़ देखी जा रही है।

कोंडागांव से सामने आई तस्वीर

कोंडागांव से सामने आई तस्वीर

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के बीच अब छत्तीसगढ़ के कई जिलों से डिब्बों और कैनों में पेट्रोल भरवाने की तस्वीरें सामने आने लगी हैं। ताजा मामला कोंडागांव का है, जहां लोग वाहनों के अलावा प्लास्टिक के डिब्बों और कैनों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए।

रायपुर प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

रायपुर जिला प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग, ज्यादा कीमत वसूली और अवैध स्टॉकिंग की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

  • 9977222564
  • 9977222574
  • 9977222584
  • 9977222594

प्रशासन ने कहा है कि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ सकती है महंगाई की मार

डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब ट्रांसपोर्ट, खेती और बाजार पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अगर हालात लंबे समय तक बने रहे तो रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी असर दिख सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *