सैकड़ों ग्रामीणों को मिलेगा फायदा, पानी संकट खत्म करने की तैयारी

पंडरिया। ग्राम पालनसरी जनपद पंचायत पंडरिया के क्षेत्र क्रमांक 23 में जनपद सदस्य रविशंकर चंद्रवंशी की पहल पर ग्राम के दशहरा पारा वार्ड क्रमांक 14 में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए बोर खनन कार्य कराया गया। लंबे समय से वार्डवासी पानी की समस्या से जूझ रहे थे, खासकर भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों द्वारा कई बार बोर खनन की मांग की गई थी ताकि पानी के संकट से राहत मिल सके। जनपद सदस्य रविशंकर चंद्रवंशी ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए जनपद पंचायत की 15वें वित्त आयोग की राशि से इस कार्य को पूरा करवाया।

ग्रामीणों ने बताया कि बोर खनन होने से अब वार्ड में पानी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। जल्द ही मोटर पंप के माध्यम से पानी हर घर तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है, जिससे सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस दौरान ग्राम पंचायत में जनपद पंचायत सभापति रविशंकर चंद्रवंशी के साथ वरिष्ठ नागरिक बुधराम चंद्रवंशी, सरपंच प्रतिनिधि अमित चंद्रवंशी, उपसरपंच सहदेव चंद्रवंशी, पंच वीरेंद्र यादव, पंच अश्वनी बंजारे, देवराम चंद्रवंशी, कन्हैया यादव, डॉ. राजू चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जनपद सदस्य रविशंकर चंद्रवंशी ने कहा कि ग्राम पंचायत को बेहतर बनाने और लोगों की मूलभूत समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की हर संभव मदद के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *