राजनांदगांव। शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त रोकने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र की विभिन्न कबाड़ी दुकानों में आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने ममता नगर, भरकापारा, पुराना गंज चौक, कन्हारपुरी तथा लखोली नाका स्थित कबाड़ी दुकानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कबाड़ी व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी परिस्थिति में चोरी का लोहा, बिजली उपकरण, वाहन के पुर्जे अथवा अन्य संदिग्ध सामान की खरीदारी न करें। साथ ही कबाड़ियों को खरीदे गए सामान का पूरा रिकॉर्ड रखने और विक्रेता की पहचान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति सामान बेचने के लिए आता है या किसी सामान के चोरी का होने की आशंका होती है, तो इसकी तत्काल सूचना नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दी जाए।

सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि चोरी और अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से कबाड़ी कारोबारियों में सतर्कता बढ़ी है और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *