छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, 4-5 दिन में मानसून की एंट्री के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियां अधिक रहने के आसार हैं। वहीं अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले चार से पांच दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। मानसून वर्तमान में महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर सक्रिय है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। बिलासपुर में सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

बारिश की बात करें तो सक्ती जिले के चंद्रपुर में 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं गरियाबंद के देवभोग, बस्तर और जांजगीर-चांपा के नवागढ़ में 10-10 मिमी बारिश हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड से तेलंगाना तक बनी ट्रफ लाइन और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है, जिससे गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है।

रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है। राजधानी रायपुर में आंशिक बादल, धूलभरी आंधी और बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *