रायगढ़। जिले में ब्रांडेड शराब के नाम पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब, खाली बोतलें, ढक्कन और अन्य सामग्री जब्त की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मामला कोतरारोड थाना क्षेत्र के धनागार गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग ब्रांडेड कंपनियों की शराब जैसी दिखने वाली नकली शराब तैयार कर बेच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले इसकी पुष्टि करने की रणनीति बनाई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने अपने मुखबिर को शराब खरीदने के लिए भेजा। जब शराब की बोतलें जांच के लिए लाई गईं तो उनके होलोग्राम और पैकिंग को देखकर नकली होने का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने आबकारी विभाग को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई की योजना तैयार की।

सोमवार देर रात पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने धनागार गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध शराब, खाली बोतलें, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों को आशंका है कि लंबे समय से यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था और नकली शराब को ब्रांडेड शराब बताकर बाजार में बेचा जा रहा था।

फिलहाल जब्त की गई सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

नकली शराब का यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस और आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *