छत्तीसगढ़ी रैप इंडस्ट्री को बड़ा झटका, नहीं रहे एप्पी राजा रायपुर। छत्तीसगढ़ी रैप संगीत के चर्चित नाम एप्पी राजा का सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रायपुर के एम्स अस्पताल में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की सूचना मिलते ही संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर फैल गई। एप्पी राजा, जिनका वास्तविक नाम चेतन चांडक था, ने बेहद कम उम्र में संगीत की दुनिया में कदम रखा था। छत्तीसगढ़ी भाषा में रैप संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले कलाकारों में उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उन्होंने अपने गीतों के जरिए युवाओं के बीच अलग पहचान बनाई और स्थानीय बोली को आधुनिक संगीत शैली से जोड़ने का काम किया। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर से जुड़े एप्पी राजा का सफर आसान नहीं रहा। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून को कभी नहीं छोड़ा। स्कूली दिनों से ही गीत और रैप लिखने वाले चेतन ने मेहनत के दम पर अपनी अलग जगह बनाई। उनके करियर को पहचान दिलाने में ‘टूरा भोको लोलो’ गीत की अहम भूमिका रही। यह गाना सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से लोकप्रिय हुआ और देखते ही देखते एप्पी राजा का नाम प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद उन्होंने कई सामाजिक, प्रेरणादायक और युवा विषयों पर गीत तैयार किए। संगीत के प्रति उनकी लगन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बीच भी उन्होंने अपने सपनों का पीछा नहीं छोड़ा। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने संगीत साधना जारी रखी और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान स्थापित की। उनके निधन से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने स्थानीय संस्कृति को नए अंदाज में प्रस्तुत कर नई पीढ़ी तक पहुंचाया। सोशल मीडिया पर कलाकारों, प्रशंसकों और विभिन्न संगठनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार 16 जून को भानुप्रतापपुर में किया जाएगा। Post navigation भारतमाला हाईवे पर दर्दनाक टक्कर, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती की मौत नई बिजली दरों का आम जनता पर सीमित असर, 70% से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत