कार से निकले तो पीटा गया, भाजपा नेता के भाई समेत तीन गंभीर घायल, भाजपा नेता भरत सिंह हत्याकांड में कई संदिग्ध हिरासत में

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार देर रात खूनी रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उनके घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय भरत सिंह कार के अंदर मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

बाहर निकलते ही तीन लोगों की पिटाई

बताया जा रहा है कि कार से बाहर आने के बाद तीनों घायलों के साथ मारपीट की गई। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

रेत घाट को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नौगई रेत घाट के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। भरत सिंह के रिश्तेदारों का रेत घाट से जुड़ा कारोबार था, जबकि दूसरे पक्ष के साथ अवैध खनन और रेत परिवहन को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा था।

देर रात पहुंचे IG, फॉरेंसिक जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही मौके पर पहुंचे। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

क्षेत्र में तनाव, पुलिस अलर्ट

भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

JOHARPOST.IN


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *