रायपुर के कारोबारी से 1.87 करोड़ की ठगी, 500 टन चीनी सप्लाई के नाम पर एडवांस लेकर गायब हुई कंपनी

रायपुर के कारोबारी राजेश अग्रवाल से 500 टन चीनी सप्लाई का झांसा देकर 1.87 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया। खमतराई पुलिस ने पुणे की कंपनी और उसके चार प्रतिनिधियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।


रायपुर। राजधानी रायपुर के एक कारोबारी से 500 टन चीनी सप्लाई करने का भरोसा दिलाकर 1 करोड़ 87 लाख 48 हजार 667 रुपये लेने और बाद में माल नहीं भेजने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद खमतराई पुलिस ने पुणे की कंपनी और उसके प्रतिनिधियों समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, श्रीनगर रोड स्थित सिंघल प्रोविजन स्टोर्स के संचालक राजेश अग्रवाल थोक शक्कर का कारोबार करते हैं। फरवरी 2025 में उनकी पहचान खुद को नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्राइवेट लिमिटेड, पुणे का प्रतिनिधि बताने वाले राजीव मोरे से हुई थी।

शुरुआत में कारोबारी ने 35 टन और बाद में 70 टन चीनी का ऑर्डर दिया। दोनों बार समय पर सप्लाई मिलने से भरोसा बढ़ा। इसके बाद 500 टन चीनी का बड़ा सौदा तय हुआ। कंपनी ने पर्याप्त स्टॉक होने का दावा करते हुए एडवांस भुगतान मांगा। इस पर कारोबारी ने 17 से 21 फरवरी 2025 के बीच आरटीजीएस के जरिए कुल 1.87 करोड़ रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

भुगतान के बाद कंपनी ने जीएसटी इनवॉयस और ई-वे बिल भेजकर ट्रक रवाना होने की जानकारी दी। लेकिन तय समय तक चीनी रायपुर नहीं पहुंची। जांच कराने पर पता चला कि जिन ट्रकों के नंबर भेजे गए थे, उनमें कारोबारी के नाम का कोई माल लोड ही नहीं किया गया था। बाद में उन्हीं वाहनों के नाम पर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए क्रेडिट नोट जारी किए गए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कंपनी ने कई बार मांगने के बावजूद लारी रसीद, ट्रांसपोर्टर की जानकारी और डिलीवरी से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। बाद में कंपनी के संचालक रफीक बाबा शेख ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर कहा कि राजीव मोरे केवल ब्रोकर था, जिसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया।

खमतराई पुलिस ने नाथबाबा एग्रो ट्रेड हब प्राइवेट लिमिटेड, राजीव मोरे, रफीक बाबा शेख, मिनोज बाबा शेख और गजाला शेख के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक लेनदेन, दस्तावेजों और संबंधित खातों की जांच कर मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े