JOHARPOST.IN

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पहली बारिश ने करोड़ों रुपये की लागत से बने नए पुलों और रेलवे ओवरब्रिजों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनांदगांव जिले के बरगा और आलीवारा में हाल ही में बने दो रेलवे ओवरब्रिज पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, कोरबा जिले के भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनी पुलिया का एक हिस्सा भी तेज बहाव में बह गया।

बरगा ओवरब्रिज में पड़ी बड़ी दरार

राजनांदगांव और डोंगरगढ़ के बीच स्थित बरगा रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण जून में किया गया था। पहली तेज बारिश के बाद पुल की सड़क बीच से फट गई। पुल पर करीब 60 से 70 फीट लंबी और 10 से 12 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें दिखाई दीं। इससे स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई।

आलीवारा ओवरब्रिज भी हुआ क्षतिग्रस्त

बरगा के अलावा आलीवारा रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति भी खराब हो गई है। यहां सड़क का हिस्सा बह गया, किनारों की बाउंड्री टूट गई और कई स्थानों पर पुल का बेस धंस गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित हिस्से पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं।

ग्रामीणों ने लगाए लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि सड़क की गिट्टी और डामर आसानी से उखड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

रेलवे ने जांच की कही बात

गोंदिया रेलवे के असिस्टेंट इंजीनियर मिथिलेश कुमार ने बताया कि तकनीकी टीम मौके का निरीक्षण करेगी। उन्होंने कहा कि स्थिति का आकलन कर आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। वहीं निर्माण कंपनी का दावा है कि पुल सुरक्षित है और यह केवल मिट्टी के बैठने की सामान्य प्रक्रिया है।

कोरबा में भी पहली बारिश में टूटी पुलिया

इधर कोरबा जिले के करतला विकासखंड के भैसामुड़ा गांव में जोगीनाला पर बनी करीब 3 करोड़ रुपये की पुलिया भी पहली बारिश नहीं झेल सकी। तेज बहाव में पुलिया का एक हिस्सा बह गया, जिससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए और आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों ने निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े