जगदलपुर। जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) में कार्यरत एक युवक ने अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब कमरे से तेज बदबू आने लगी और मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, खून से सना मिला कमरा

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर जैसे ही टीम अंदर पहुंची, वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। फर्श पर खून फैला हुआ था और बिस्तर पर युवक की लाश पड़ी थी। प्रारंभिक जांच में कलाई की नस काटकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

रायपुर का रहने वाला था युवक, BPCL में करता था नौकरी

मृतक की पहचान अतुल शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड रेंजर जितेंद्र शर्मा का बेटा था। वह मूल रूप से रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी था और पिछले कुछ समय से जगदलपुर के लालबाग इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। वह भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) में कार्यरत था।

2-3 दिन से बंद था कमरा, बदबू से खुला राज

जानकारी के मुताबिक, पिछले 2-3 दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था। शुक्रवार सुबह जब बदबू आने लगी तो मकान मालिक को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पूरी घटना सामने आई।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *