रायपुर में सट्टा सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई: मुंबई से दबोचा गया ‘इन्फ्लुएंसर मास्टरमाइंड’ बाबू खेमानी, BMW समेत 60 लाख का माल जब्त

रायपुर। राजधानी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार 17 अप्रैल को उसे फ्लाइट से रायपुर लाया गया। पुलिस ने उसके साथ 6 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से BMW कार समेत करीब 60 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

फॉलोअर्स का फायदा उठाकर बनाया सट्टा नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव था और उसके हजारों फॉलोअर्स थे। इसी नेटवर्क का इस्तेमाल कर वह हाई-प्रोफाइल सट्टेबाजों से संपर्क करता था।
उसने महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नाम की ऑनलाइन वेबसाइट तैयार की, जिसके जरिए आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाया जा रहा था। इस वेबसाइट को उसके रिश्तेदार ऑपरेट कर रहे थे।

देशभर में फैला था सिंडिकेट, खुद बाहर बैठकर करता था कंट्रोल

पुलिस के मुताबिक, इस सट्टा नेटवर्क का संचालन रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा समेत कई शहरों से किया जा रहा था। हर शहर में अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि खेमानी खुद रायपुर से बाहर बैठकर पूरे सिंडिकेट को कंट्रोल करता था।

दबाव बनाकर करता था वसूली

खेमानी सट्टेबाजों से पैसे वसूलने के लिए दबाव भी बनाता था। रायपुर पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद उसने दूसरे राज्यों में ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट करना शुरू कर दिया था।

विदेशी कनेक्शन की भी जांच

पुलिस अब इस मामले में अंतरराष्ट्रीय लिंक की भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, खेमानी साल 2011 में दुबई, 2023 में थाईलैंड और 2025 में तीन बार दुबई जा चुका है।
इन यात्राओं को सट्टा नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।

13 अप्रैल को दर्ज हुई थी FIR, अब तक 27 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद से खेमानी फरार था। अब तक इस केस में कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

मुंबई से गिरफ्तार

  • गुलशन उर्फ बाबू खेमानी (32), रायपुर
  • रोहित सिंह (26), रायपुर
  • विशाल कश्यप (27), रायपुर

गोवा से गिरफ्तार

  • लक्ष्मण ढोबर (45), नागपुर
  • आशीष जाधव (29), अकोला
  • रंजीत कुमार (28), बस्ती (उ.प्र.)
  • वैभव खंडेलवाल (37), नागपुर

म्यूल खातों से होता था ट्रांजैक्शन

पूरे सिंडिकेट में ट्रांजैक्शन को छिपाने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे पैसों की ट्रैकिंग मुश्किल हो जाती थी। अलग-अलग ऑपरेटर यूजर्स जोड़ने, दांव लगवाने और भुगतान संभालते थे।

2026 में अब तक 11 केस, 3 करोड़ का माल जब्त

कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 11 मामलों में कार्रवाई हुई है।
इन मामलों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 3 करोड़ रुपए का सामान जब्त किया गया है, जिसमें 67 लाख कैश, 207 मोबाइल, 19 लैपटॉप और कई वाहन शामिल हैं।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

बाबू खेमानी पर पहले भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। करीब 3 साल पहले उसे प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर जुर्माना लगाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *