चिरमिरी। छत्तीसगढ़ के चिरमिरी में आयोजित रामकथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य के बयान के बाद शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के X पोस्ट ने भी सियासी माहौल गर्म कर दिया है।

रामभद्राचार्य ने क्या कहा

रामकथा के मंच से जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा,

“कोई मेरे जगद्गुरुत्व को चुनौती देगा, तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।”

उनका यह बयान चरणदास महंत की टिप्पणी के बाद सामने आया।

चरणदास महंत का बयान

मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान चरणदास महंत ने कहा था,

“रामभद्राचार्य धर्म के नाम पर राजनीति करने आए हैं। वे भाजपा के प्रचारक हैं। मैं उनको न जगद्गुरु मानता हूं और न गांव का गुरु मानता हूं।”

इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

ज्योत्स्ना महंत ने भी दी प्रतिक्रिया

कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत ने कहा,

“धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। मैं काम को ही धर्म मानती हूं। जनता की सेवा सबसे महत्वपूर्ण है।”

भाजपा का पलटवार

भाजपा सांसद और प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा,

“करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र संतों को फर्जी कहना बेहद शर्मनाक है। छत्तीसगढ़ की धर्मप्राण जनता यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।”

भूपेश बघेल का X पोस्ट

इस विवाद के बीच भूपेश बघेल ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा,

“रामभद्राचार्य जी गौ-भक्त हैं, राम भक्त हैं तो वे ये बताएं कि मोदी जी ने तो गौ-मांस भक्षक किरण रिजिजू को अपने मंत्रिमंडल में रखा है। क्या रामभद्राचार्य जी इसे उचित मानते हैं?”

उन्होंने आगे लिखा,

“मैं रामभद्राचार्य जी से विनम्र निवेदन करता हूं कि वे अपने शिष्य धीरेंद्र शास्त्री जी को निर्देशित कर के पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवाएं।”

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी टिप्पणी की। भूपेश बघेल ने लिखा,

“रामभद्राचार्य जी बड़े ज्ञानी और गुणी हैं, मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि ये मोदी जी ट्रंप के सामने इतना झुक क्यों जाते हैं, आप अपनी दिव्यदृष्टि से देख कर बताएं।”

भूपेश बघेल के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *