जादू-टोने के शक में महिला की बेरहमी से हत्या: बेटे की मौत का बदला लेने के लिए रिश्तेदार ने साथियों संग उतारा मौत के घाट

पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जादू-टोने के शक में एक महिला की उसके ही रिश्तेदार ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटे की मौत के बाद पनपा शक, बना हत्या का कारण

मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी धीरपाल (50) के बेटे की 3 से 5 महीने पहले बीमारी के दौरान इलाज के समय मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद धीरपाल को शक हुआ कि कौशल्या ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसकी जान गई। इसी संदेह ने धीरे-धीरे रंजिश का रूप ले लिया।

अकेली महिला को बनाया निशाना

सोमवार को कौशल्या घर पर अकेली थी। इसी दौरान धीरपाल अपने दो साथियों के साथ उसके घर में घुसा। तीनों ने मिलकर पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने के कारण कौशल्या की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद जब परिजन घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पूछताछ में कबूला जुर्म

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और मुख्य आरोपी धीरपाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट में पेश, भेजे गए जेल

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *