दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में फर्जी निवेश कंपनी बनाकर 38 लाख 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, संतराबाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा (35) ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने ए-एम-एस सॉल्यूशन और आर-वी ग्रुप कंपनी के नाम से फर्जी कंपनी बनाकर 90 दिन में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया।

झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 38 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए। तय समय पर रकम वापस नहीं मिलने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में फरार हो गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सूचना के आधार पर आरोपी को रायपुर के सड्डू इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को 31 मार्च 2026 को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *