छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-तूफान के बाद बारिश, कई जगह जनजीवन प्रभावित

छत्तीसगढ़। तपती गर्मी के बीच जहां लोगों को राहत भरी बारिश का इंतजार था, वहीं कुदरत ने अचानक करवट लेते हुए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश कर दी। कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। कई इलाकों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए और बिजली के तार टूटने से आपूर्ति बाधित रही।

मंगलवार दोपहर कांकेर जिले के चारामा में तेज बारिश के कारण नेशनल हाईवे-30 पर जलभराव हो गया। हालात ऐसे बने कि कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और इलाके में बिजली भी बंद करनी पड़ी।

वहीं जीपीएम जिले से लगे अमरकंटक में बारिश से भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन पेंड्रा क्षेत्र में आंधी के कारण बिजली गुल हो गई। गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए, जिससे आवाजाही में दिक्कत हुई।

मनेंद्रगढ़ जिले के जनकपुर में हालात और गंभीर रहे। यहां तेज आंधी-बारिश के चलते नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया। मुख्य मार्ग पर पीपल का विशाल पेड़ जड़ सहित उखड़कर गिर गया, जिससे बिजली के तार टूट गए और क्षेत्र में अंधेरा छा गया।

अगले 3 दिन भारी मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि प्रदेश में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है, और अब इसके असर साफ दिखाई दे रहे हैं। विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की गतिविधि जारी रहेगी। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तापमान में आएगी गिरावट

इस बदले मौसम के चलते राहत की खबर भी है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

बीते 24 घंटों में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *