बलोद जिले के खैरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बलोद। छत्तीसगढ़ के बलोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक हितेश सिन्हा ने कथित तौर पर आरोपियों की ओर देखकर मूंछ पर ताव दिया और गला काटने का इशारा किया, जिससे पहले से चला आ रहा विवाद और भड़क गया। इसके बाद आरोपी पिता हीरामन सिन्हा और उसका बेटा कामेंद्र सिन्हा युवक पर हमला करने की योजना बनाकर उसके पीछे निकल पड़े।

28 जुलाई की शाम हितेश अपने दो साथियों के साथ बाइक से अर्जुन्दा की ओर जा रहा था। इसी दौरान खैरा तालाब के पास आरोपियों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। बाइक से गिरते ही दोनों ने लोहे की रॉड से हितेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ-पैर बुरी तरह टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल हितेश को पहले देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान करीब 18 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर में 20 से अधिक फ्रैक्चर मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2022 से विवाद चल रहा था और दोनों पक्षों की ओर से पहले भी थाने में मामले दर्ज कराए गए थे। युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में तब्दील कर दिया।

देवरी थाना पुलिस ने आरोपी पिता हीरामन सिन्हा और बेटे कामेंद्र सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े