रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बड़ा विवाद सामने आया है, जहां 6.49 लाख रुपये के गहनों की चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू CCTV फुटेज है, जिसमें दुकान का कर्मचारी कथित तौर पर आभूषण जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कर्मचारी का नाम आर्यन शर्मा है, जो दुकान में काम करता था। उस पर 2 डायमंड और 1 सोने का टॉप्स चोरी कर फरार होने का आरोप है। नियमित स्टॉक मिलान के दौरान गहनों की कमी सामने आने के बाद CCTV खंगाला गया, जिससे मामला उजागर हुआ। हालांकि, इस केस में नया मोड़ तब आया जब आरोपी कर्मचारी ने खुद को पीड़ित बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि उसे बंधक बनाकर करीब 8 घंटे तक बेरहमी से पीटा गया। हाथ-पांव बांधकर मारपीट, मुंह में मिर्ची डालना, कपड़े उतरवाकर प्रताड़ित करना जैसे गंभीर आरोप उसने लगाए हैं। साथ ही दांत टूटने और हाथ में चोट लगने की बात भी कही है। कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई और उसकी मां से जेवर मंगवाने का दबाव बनाया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। JOHARPOST.IN Post navigation रामनवमी के बहाने सियासी हमला, देखिए विधायक पुरंदर मिश्रा ने क्या कहा… ब्रेकिंग न्यूज़ : टिकरापारा मर्डर केस: पैसों के विवाद ने छीनी जिंदगी, आरोपी गिरफ्तार