खाद-बीज संकट पर किसान संघ का अल्टीमेटम, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन विजय सिन्हा /गरियाबंद-रायपुर। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर भारतीय किसान संघ ने सरकार के सामने अपनी मांगें मजबूती से रखी हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेशभर में खाद, बीज और कृषि आदानों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। खेती की तैयारी के बीच बढ़ी किसानों की चिंता किसान संघ का कहना है कि खरीफ सीजन किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में यदि समय पर डीएपी, यूरिया और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध नहीं हुए तो खेती प्रभावित होगी और इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। संगठन ने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं, इसलिए उनकी जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कालाबाज़ारी पर उठाए सवाल संघ ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई इलाकों में खाद की कालाबाज़ारी लगातार बढ़ रही है। किसानों को निर्धारित दर से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, जबकि समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही। संगठन ने मांग की कि निजी विक्रेताओं की सख्त निगरानी की जाए और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई हो। किसान संघ ने रखीं ये प्रमुख मांगें समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए। किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया दिया जाए। निजी खाद विक्रेताओं द्वारा अधिक कीमत वसूले जाने पर कार्रवाई हो। एग्रीस्टैक में पंजीकृत किसानों को नगद भुगतान के जरिए खाद उपलब्ध कराया जाए। नैनो डीएपी और नैनो यूरिया सस्ती दरों पर उपलब्ध कराए जाएं। किसानों को कृषि कार्य के लिए कंटेनर और जेरीकैन में डीजल उपलब्ध कराया जाए। समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। ढेंचा, सन और मूंग जैसे हरी खाद के बीज रियायती दर पर उपलब्ध हों। आंदोलन की चेतावनी भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और खरीफ सीजन में खाद-बीज की किल्लत बनी रही तो संगठन बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, जिला मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, अभिमन्यु ध्रुव, तहसील अध्यक्ष गंगूराम साहू, जितेश्वर साहू, धनीराम साहू, गंगाराम सिन्हा, पारस देवांगन, ललित निषाद, महेंद्र पाल, कृष्ण कुमार साहू, छबीराम, इच्छा राम सिन्हा, हरीश चन्द्राकार, भगवती, सुशील ध्रुव, शारदाचरण, टिकेश्वर साहू, प्रकाश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में किसान संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation टीएस बाबा ने संभाली स्टेयरिंग, बगल में बैठे भूपेश… भाजपा खेमे में बढ़ी सुगबुगाहट, सूरजपुर से कांग्रेस का बड़ा सियासी संदेश! गरियाबंद में बड़ा हादसा: सुशासन तिहार कार्यक्रम स्थल पर अचानक टूटा पेड़, 7 लोग घायल