विजय सिन्हा /गरियाबंद। जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन बनाने के लिए बनाए गए अस्थायी स्थल के पास खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में लोग भोजन व्यवस्था में जुटे हुए थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ पुराना पीपल का पेड़ बीच से टूटकर सीधे उस हिस्से पर गिर गया, जहां लोग मौजूद थे। पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पेड़ और उसकी भारी शाखाओं के नीचे से बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई के सिर में भी चोट लगने की खबर है। हादसे के बाद कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था का माहौल बना रहा। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पीपल का पेड़ काफी पुराना और अंदर से कमजोर हो चुका था, जिसकी वजह से वह अचानक गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद प्रशासन से सार्वजनिक आयोजनों से पहले सुरक्षा जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि जहां भी बड़े कार्यक्रम आयोजित हों, वहां पुराने और कमजोर पेड़ों की पहले से पहचान कर उन्हें हटाया या सुरक्षित किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। Post navigation खरीफ से पहले किसान संघ का बड़ा वार, सरकार से बोला— अब नहीं चलेगी खाद की कमी CCTV में कैद मौत का मंजर, पहिए चढ़ने के बाद भी उठा बच्चा…ट्यूशन जाने निकला था बेटा, घर लौटी सिर्फ लाश