बिलासपुर। भाजपा से जुड़ी एक महिला नेता ने कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के मुताबिक करीब दो साल पहले दिल्ली में उसकी मुलाकात संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने महिला से करोड़ों रुपए निवेश कराए।

महिला नेता का आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी ने दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करने लगा और पैसों की मांग भी करता रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए और रकम वापस मांगने पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम झारखंड पहुंची थी, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इधर आरोपी संजय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उसने खुद पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को झूठा बताया है। साथ ही भाजपा नेत्री पर कोल माइंस निवेश के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी का उल्टा आरोप लगाया है।

मामले को लेकर सोशल मीडिया में भी चर्चाएं तेज हैं। वायरल वीडियो के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आरोपी को सफाई देने का मौका कैसे मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *