रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अवैध नशीली खेती के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक और बड़ा खुलासा हुआ है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमघाट में नदी किनारे सब्जी की खेती के बीच छुपाकर अफीम उगाई जा रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट और कृषि विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची है। अफीम के पौधों के नमूने लेकर उनकी जांच की जा रही है, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि खेती कब से और कितने क्षेत्र में हो रही थी।

अब तक खेत के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जमीन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी अफीम की अवैध खेती के मामले सामने आए थे, जिसके बाद राज्य में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ऐसे में रायगढ़ का यह मामला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।

पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *