रायपुर में ड्रग्स का बड़ा खुलासा: दिल्ली कनेक्शन वाला आरोपी गिरफ्तार, कुरियर से मंगवा रहा था गांजा

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। कटोरा तालाब के पास गांजा बेचते हुए दिल्ली निवासी युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में गांजा, ओसियन ग्रो गांजा, नगदी और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

11 अप्रैल 2026 को सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कटोरा तालाब के पास एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

दिल्ली से चल रहा था पूरा खेल

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26) बताया, जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। उसने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजा मंगवाता था और रायपुर में बेचता था।

क्या-क्या हुआ जब्त?

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

  • 2.870 किलोग्राम गांजा
  • 114 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा
  • 3000 रुपये नगद
  • एप्पल कंपनी का आईफोन
  • 2 इलेक्ट्रॉनिक तराजू
  • पैकिंग सामग्री

जब्त की है। कुल जप्ती की कीमत लगभग 3.62 लाख रुपये बताई जा रही है।

कुरियर कंपनी भी जांच के दायरे में

पुलिस अब उस कुरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है, जिसके जरिए गांजा रायपुर मंगाया जा रहा था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए End-to-End जांच की जा रही है।

आरोपी पर दर्ज हुआ केस

आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *