लैब जांच में फेल हुए सैंपल, ADM कोर्ट ने सुनाया फैसला; कई और दुकानदारों पर भी कार्रवाई की तैयारी

कोरबा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की जांच में कई दुकानों और होटलों के सैंपल फेल पाए गए, जिसके बाद कटघोरा और कोरबा ADM कोर्ट ने 8 कारोबारियों पर 10 हजार से लेकर 1 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया है।

विभाग ने शहरी और आसपास के क्षेत्रों की राशन दुकानों, डेयरी और मिष्ठान भंडारों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर रायपुर लैब भेजे थे। जांच रिपोर्ट में खामियां मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कोर्ट में प्रकरण पेश किया गया।

इन कारोबारियों पर लगा जुर्माना

ADM कोर्ट के आदेश के बाद दर्री स्थित स्वाद रेस्टोरेंट पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं जय कृष्ण डेली नीड्स पर 60 हजार, मुरली होटल और बीकानेर स्वीट्स पर 50-50 हजार रुपए का दंड लगाया गया।

इसके अलावा युवराज ट्रेडर्स पर 30 हजार, श्याम स्वीट्स जेलगांव पर 25 हजार, शुभम डेयरी उरगा पर 20 हजार और सुनीता डेयरी उरगा पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

कई और दुकानों पर भी लटकी कार्रवाई

खाद्य विभाग ने बालाजी वाटन इंडस्ट्रियल एरिया, नेचुरल स्वीट्स निहारिका, निर्मल डेयरी कुसमुंडा, मां कालिका डेयरी कुसमुंडा, अपना मार्ट आरएसएस नगर, गीता एजेंसी सीतामणी और फोर सीजन रेस्टोरेंट समेत अन्य दुकानों के खिलाफ भी प्रकरण तैयार किए हैं। इन मामलों में जल्द सुनवाई होगी।

डिज्नीलैंड मेले में भी जांच

इधर विभागीय टीम ने बुधवारी में लगे डिज्नीलैंड मेले का औचक निरीक्षण किया। कारोबारियों को फूड लाइसेंस रखने, दर सूची प्रदर्शित करने और तय मानकों के अनुसार खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए। नियम तोड़ने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

खाद्य विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *