रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 25 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ा दिए। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल की कीमत ₹109 प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गई है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है।

राजधानी रायपुर में पेट्रोल अब ₹107.96 प्रति लीटर बिक रहा है। मई महीने में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है। इससे पहले 15 मई को ₹3 प्रति लीटर, 19 मई को 90 पैसे और 23 मई को भी 90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे।

इन जिलों में सबसे महंगा पेट्रोल

ताजा रेट के मुताबिक बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में पेट्रोल सबसे महंगा बिक रहा है। नारायणपुर में पेट्रोल ₹109.65 प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर रेट दर्ज किया गया।

इसके अलावा जशपुर में पेट्रोल ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर बिक रहा है। रायगढ़ में भी पेट्रोल की कीमत ₹109 के करीब पहुंच चुकी है।

रायपुर और कोरबा में थोड़ी राहत

प्रदेश के बड़े शहरों में रायपुर और कोरबा में बाकी जिलों की तुलना में कीमतें थोड़ी कम हैं। कोरबा में पेट्रोल ₹107.63 प्रति लीटर के साथ सबसे सस्ता दर्ज किया गया। वहीं जांजगीर में ₹108.21 और कवर्धा में ₹108.86 प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा है।

प्रशासन अलर्ट, जारी किए हेल्पलाइन नंबर

फ्यूल संकट और बढ़ती कीमतों के बीच प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 नंबरों पर की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *