गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। कोटमी में सराफा कारोारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद उनके परिजनों को व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने संदेश में प्रदीप सोनी की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए चुनौतीपूर्ण अंदाज में लिखा था कि “जो करना है कर लो।” मामले को गंभीरता से लेते हुए पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को हत्या का जिम्मेदार बताते हुए परिवार को डराने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की थी। हालांकि कुछ समय बाद उसी नंबर से माफी मांगने वाला संदेश भी भेजा गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रियांशु सिंह (26 वर्ष) को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवक का प्रदीप सोनी हत्याकांड से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है। बावजूद इसके पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने यह संदेश महज लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से भेजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है। Post navigation पूमा के नाम पर बड़ा खेल! 618 जोड़ी नकली फुटवेयर जब्त, दो कारोबारियों पर केस राजनांदगांव: भीषण गर्मी में ग्रामीणों ने बचाई हिरण की जान, सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला वन्यजीव