रायगढ़ में प्रोफेसर पर युवती ने लगाए अश्लील मैसेज भेजने के आरोप, कॉलोनी में पहुंचकर की पिटाई, फिर हुआ समझौता


रायगढ़।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय कुंजारा के प्रोफेसर रेमन भार्गव पर पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेजने तथा संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। आरोपों के बाद युवती अपने मंगेतर के साथ कॉलोनी पहुंची, जहां विवाद के दौरान प्रोफेसर की पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या है आरोप

युवती का आरोप है कि प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ साल से लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे थे और गलत संबंध बनाने के लिए दबाव डालते थे। इसी बात से नाराज होकर वह अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

थाने में हुई शिकायत

मामले की शिकायत लैलूंगा थाने में की गई थी। थाना प्रभारी गिरधारी साव के अनुसार, युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। समझौते के बाद पुलिस ने मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।

कार्रवाई की स्थिति

फिलहाल प्रोफेसर रेमन भार्गव के खिलाफ इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के समझौते के कारण आगे की कार्रवाई नहीं की गई।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *