सक्ती में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत, शादी का दबाव बना मौत की वजह… पति-पत्नी ने 4 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। सक्ती जिले के जोंगरा गांव में 26 जून को हुई पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव से परेशान होकर कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घर में घुसे और मार दीं तीन गोलियां

26 जून की सुबह करीब 11 बजे दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे। एक युवक घर के अंदर गया, पूर्णिमा की पहचान की और पिस्टल से लगातार तीन गोलियां चला दीं।

गोली सिर और शरीर में लगने से पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

शादीशुदा युवक से था प्रेम संबंध

जांच में पता चला कि पूर्णिमा चौहान का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे।

पूर्णिमा का पहले विवाह हो चुका था, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। वहीं मुरलीशंकर पहले से शादीशुदा था।

शादी की जिद बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक मुरलीशंकर की पत्नी चम्पा चौहान को दोनों के संबंधों की जानकारी थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

बाद में मुरलीशंकर ने पूर्णिमा से दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

4 लाख की सुपारी देकर बुलाए शूटर

दोनों ने झारखंड निवासी राजेंद्र महंत से संपर्क किया और 4 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की।

पुलिस के अनुसार, चम्पा चौहान ने अपना पोस्ट ऑफिस खाता तुड़वाकर उसमें जमा रकम निकाली और शूटरों को 2 लाख रुपये एडवांस दे दिए। बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने ‘शूटर’ फिल्म देखकर इस वारदात की योजना बनाई थी।

सात और लोग भी निकले साजिश में शामिल

जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश में राजेंद्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत भी शामिल थे। किसी ने शूटर उपलब्ध कराए, किसी ने भागने में मदद की तो किसी ने सुपारी की रकम बांटने की जिम्मेदारी निभाई।

मोबाइल लोकेशन से खुला पूरा राज

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, टावर डंप और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान कुछ आरोपियों की लोकेशन झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे में मिली।

इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीम भेजकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार और नकदी भी बरामद

आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, दो बाइक, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  • मुरलीशंकर चौहान
  • चम्पा चौहान
  • राजेंद्र महंत
  • सुनील महंत
  • गौरीशंकर सिदार
  • राकेश महंत
  • वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू
  • चंद्रशेखर महंत
  • सुमित गबेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *