रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। बीते 24 घंटे के भीतर शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों — विधानसभा, खमतराई और टिकरापारा — में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें सबसे सनसनीखेज मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के आमासिवनी पीएम आवास कॉलोनी का है, जहां पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस की जोनल गश्त टीम को सूचना मिली कि आमासिवनी बस्ती में एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुकृत खांडे के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुकृत खांडे का कुछ युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात दबिश देकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में राकेश गुप्ता उर्फ पानी (26), देवदास उर्फ हड्डी बंजारे (20), विनोद उर्फ विक्की हिरवानी (26) और एक 16 वर्षीय नाबालिग शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की तलाश भी जारी है।

इधर, खमतराई और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में युवकों पर जानलेवा हमला किया गया, जिनका इलाज अस्पताल में जारी बताया जा रहा है। लगातार बढ़ती वारदातों से राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शहर में बदमाशों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *