रायपुर। राजधानी में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण कर काला बाजारी करने वाले आरोपी संजय साव को खमतराई थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 नग इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी बंजारी मंदिर के पास स्थित अपने घर के पीछे जमीन में सिलेंडरों को गाड़कर छिपाकर रखता था और उन्हें 1800 से 2000 रुपये तक की कीमत में ब्लैक में बेच रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण देशभर में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई जगहों पर लोग दिनों तक लाइन में लगकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। इन हालातों के बीच अवैध भंडारण और काला बाजारी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

इससे पहले छत्तीसगढ़ प्रशासन ने पूरे प्रदेश में अवैध कारोबार और काला बाजारी पर रोक लगाने के लिए छापामार कार्रवाई कर बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए थे। इसके बावजूद ऐसे मामलों में कमी नहीं आई है और धीरे-धीरे इस अवैध धंधे से जुड़े लोग पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *