रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को ‘3 STUMPS’ नाम की ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि वह आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस ने 13 अप्रैल को गंज थाना में उसके खिलाफ FIR दर्ज की है। इसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वह विदेश में बैठकर पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा है।


रिश्तेदारों के जरिए देशभर में फैला नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट रायपुर तक सीमित नहीं था। मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों में बाबू खेमानी के रिश्तेदार और करीबी लोग पैनल ऑपरेट कर रहे थे।

पूरे नेटवर्क में अलग-अलग लोगों की जिम्मेदारी तय थी—

  • कोई यूजर्स जोड़ता था
  • कोई दांव लगवाता था
  • तो कोई पैसों का लेन-देन संभालता था

हाल ही में रायपुर पुलिस ने इसी नेटवर्क से जुड़े 20 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया था।


म्यूल खातों से होता था लेन-देन

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टा नेटवर्क में ट्रांजैक्शन छिपाने के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे का लेन-देन होता था, जिससे उसे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।


सोशल मीडिया से युवाओं को फंसाने का खेल

बाबू खेमानी इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहता था और वीडियो बनाकर फॉलोअर्स बढ़ाता था। इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर नए यूजर्स को सट्टा नेटवर्क से जोड़ा जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को लालच देकर इस अवैध कारोबार का दायरा तेजी से बढ़ाया गया।


पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब बाबू खेमानी का नाम सामने आया है। करीब 3 साल पहले भी पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी और जुर्माना लगाया था।


आगे और बड़े खुलासे संभव

फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *