भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में 3 दिनों के भीतर 8 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए हैं। सभी की मेडिकल जांच के बाद शिक्षा विभाग ने जांच और काउंसलिंग शुरू कर दी है।


भिलाई।

दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खम्हरिया के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (सेजेस) में छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का सिलसिला जारी है। सोमवार को दो छात्राएं अचानक चीखने-चिल्लाने लगीं, हाथ-पैर अकड़ गए और कुछ देर बाद दोनों बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्रा में सिकलिंग की समस्या पाई गई, जबकि दूसरी की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य रही।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, पिछले तीन दिनों में ऐसे कुल 8 मामले सामने आ चुके हैं। पहली घटना 9 जुलाई को हुई थी, जब कक्षा 9वीं-ए की पांच छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद वे सामान्य हो गईं और जांच में कोई गंभीर शारीरिक समस्या नहीं मिली।

इसके बाद 11 जुलाई को दो और छात्राओं की तबीयत इसी तरह बिगड़ी। सोमवार को फिर दो छात्राएं प्रभावित हुईं। अब तक सभी घटनाएं केवल कक्षा 9वीं-ए की डे-शिफ्ट की छात्राओं में ही सामने आई हैं।

स्कूल की प्राचार्य सुनीता दीवान ने बताया कि अधिकांश छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई है। शुरुआती तौर पर मामला मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

जिला शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्राओं की काउंसलिंग के लिए साइकोलॉजिकल टीम बुलाई गई है। एहतियात के तौर पर कक्षा 9वीं-ए का कमरा भी बदल दिया गया है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बच्चों का मनोबल बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े