बिलासपुर में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्र को मारी टक्कर, मिनी बस से भिड़ी; CCTV में कैद हादसा, छात्र की मौत, मल्हार में हाईवा की टक्कर से एक और युवक की गई जान

बिलासपुर के वेयरहाउस रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से 16 वर्षीय छात्र रुद्र प्रताप शर्मा की मौत हो गई। हादसे का CCTV सामने आया है। वहीं मल्हार में हाईवा की टक्कर से एक युवक की मौत और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए।


बिलासपुर। शहर के वेयर हाउस रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बेकाबू कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी सवार छात्र करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

वहीं, जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी इलाके में हाईवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों मामलों की जांच पुलिस कर रही है।


वेयर हाउस रोड पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्र को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे कार क्रमांक CG 10 BH 7752 वेयर हाउस रोड की ओर जा रही थी। संजीवनी अस्पताल के सामने चालक ने कथित लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार छात्र दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।


स्कूटी को टक्कर मारने के बाद स्कूल की मिनी बस से भिड़ी कार

स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कार सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस क्रमांक CG 10 NB 8858 से जा टकराई।

हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि बस में मौजूद लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।


घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, इलाज के दौरान मौत

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।

घायल की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (16 वर्ष), पिता मुकेश शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। वह स्कूली छात्र था।

डॉक्टरों ने शुरुआती उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया।


नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका

घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि वाहन नाबालिग चला रहा था, तो मोटर वाहन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वाहन स्वामी सहित संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


मल्हार में हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर

दूसरी घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी इलाके में रविवार दोपहर हुई।

नवोदय विद्यालय के पास सीसीआर कंपनी में संचालित हाईवा क्रमांक CG 22 AG 7796 ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


दो बाइकों को हाईवा ने लिया चपेट में

रविवार दोपहर करीब 1 बजे हाईवा की टक्कर बाइक क्रमांक CG 22 X 5695 और CG 15 EL 4335 से हुई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।


इलाज के दौरान एक युवक की मौत

घायलों की पहचान संतोष भैंना (30) निवासी बूढ़ीखार, धनंजय डहरे (26) निवासी मुढ़ीपार बिल्हा तथा शैलू मीरी (45) निवासी मुढ़ीपार बिल्हा के रूप में हुई।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने शैलू मीरी को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, संतोष भैंना और धनंजय डहरे का गंभीर अवस्था में इलाज जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े