कोरिया पूजा सिंह सुसाइड केस: IC Mart संचालक विनोद वैद गिरफ्तार, दो आरोपी फरार छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी पूजा सिंह आत्महत्या मामले में IC Mart संचालक विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। छात्रा पर चोरी का आरोप, स्कूटी रोकने, पैसे मांगने और सुसाइड नोट से जुड़े पूरे मामले की पढ़िए विस्तृत रिपोर्ट। कोरिया | JOHARPOST.IN छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा पूजा सिंह की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IC Mart संचालक विनोद वैद (50) को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार हुआ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद बैकुंठपुर लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस वैन में आरोपी के मुस्कुराते हुए दिखने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जगत कुमार वैद (55) और उसका बेटा दीपक वैद (30) अब भी फरार हैं। दोनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। क्या है पूरा मामला? पुलिस लाइन बैकुंठपुर में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय बेटी पूजा सिंह 7 जुलाई को अपनी बहन के साथ बैकुंठपुर स्थित IC Mart में खरीदारी करने गई थी। आरोप है कि मार्ट संचालकों ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया, उससे लिखित में चोरी स्वीकार करवाई और उसकी स्कूटी जब्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि स्कूटी लौटाने के लिए पहले 20 हजार, फिर 50 हजार रुपये मांगे गए। इस घटना से मानसिक रूप से परेशान पूजा ने 8 जुलाई को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में क्या लिखा? पूजा ने सुसाइड नोट में लिखा था— “मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मेरी वजह से आपको बदनामी झेलनी पड़ रही है।” आयोग ने भी लिया संज्ञान मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी संज्ञान लिया है और प्रशासन से 3 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है। वहीं पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। Post navigation सक्ती में नाबालिग छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल; 6 आरोपी गिरफ्तार भिलाई में नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की हत्या: एकतरफा प्यार में आरोपी पिंटू साहू ने रची साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार