प्यार, शक और मौत! बुजुर्ग पति का ऐसा रूप… पढ़कर यकीन नहीं होगा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वजह वही पुरानी—चरित्र पर शक। हैरानी की बात ये रही कि वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरी कहानी पुलिस को बता दी।

मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान 65 वर्षीय जीवन नोरगे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ।

गुस्से में उठाई कुल्हाड़ी, सीधे सिर पर वार

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर जीवन ने पास रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सरस्वती के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि सरस्वती की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद सीधे थाने पहुंचा आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि खुद मस्तूरी थाने पहुंच गया। वहां उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। यह सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए सन्न रह गई।

खून से सना कमरा, मुंह के बल पड़ा था शव

पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची तो नजारा बेहद भयावह था। सरस्वती का शव मुंह के बल जमीन पर पड़ा था। सिर पर गहरे घाव थे और पूरा कमरा खून से सना हुआ था। पास में टूटी हुई चूड़ियां और खून लगी कुल्हाड़ी भी पड़ी मिली।

कुल्हाड़ी जब्त, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आरोपी जीवन नोरगे के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *