बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम संबंध टूटने के बाद बदला लेने की कथित साजिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साइबर सेल की जांच में एक युवती द्वारा अपने पूर्व प्रेमी को फंसाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। कुछ समय बाद दोनों के बीच संबंध समाप्त हो गए। आरोप है कि इसके बाद युवती ने अपने पूर्व प्रेमी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट तैयार किया।

बताया जा रहा है कि उसी फर्जी आईडी से युवती ने अपने ही सोशल मीडिया अकाउंट पर अश्लील संदेश और धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका पूर्व प्रेमी फर्जी आईडी बनाकर उसे परेशान कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच साइबर सेल को सौंप दी। तकनीकी जांच, आईपी ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि जिस फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से संदेश भेजे जा रहे थे, उसका संचालन स्वयं शिकायतकर्ता युवती ही कर रही थी।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे और ब्रेकअप के बाद पूर्व प्रेमी को बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरी साजिश रची गई थी।

खुलासे के बाद पुलिस ने युवती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और फर्जी डिजिटल पहचान के जरिए किसी को फंसाने की कोशिश का एक बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और किसी भी शिकायत से पहले तथ्यों की जांच करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े