रायपुर। राजधानी में 10 मई को होने वाले IPL मुकाबले से पहले टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई है। ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही ज्यादातर टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गईं। इसके बाद अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुलेआम टिकटों की खरीद-बिक्री की जा रही है।

राजधानी में होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में भारी उत्साह है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए टिकट महंगे दामों में बेच रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कई ऐसे पेज एक्टिव हैं, जहां लोवर स्टैंड से लेकर हॉस्पिटैलिटी टिकट तक उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। टिकट बेचने वाले लोग ऑनलाइन पेमेंट के बाद तुरंत टिकट ट्रांसफर करने की बात कह रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 3500 रुपए की टिकट 4 से 5 हजार रुपए तक में बेची जा रही है। कुछ दलाल एक टिकट के लिए अलग-अलग रेट भी बता रहे हैं। टिकट खरीदने वालों से फोन नंबर लेकर निजी बातचीत की जा रही है।

इधर रायपुर पुलिस पहले ही टिकटों की कालाबाजारी को लेकर चेतावनी जारी कर चुकी है। पुलिस ने कहा है कि ब्लैक में टिकट बेचना और खरीदना दोनों अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए ठगी की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्रिकेट प्रेमियों से केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही टिकट खरीदने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *