तानों से परेशान ननद ने रची खौफनाक साजिश कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां आपसी विवाद में ननद ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव के कपड़े फाड़ दिए, ताकि मामला रेप या सामूहिक अपराध जैसा लगे और पुलिस का शक किसी पुरुष पर जाए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर इस तरह की घटनाएं देखकर यह तरीका सीखा था। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर का है। पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम (33) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। खेत में काम कर रही थी महिला, पीछे से किया हमला जानकारी के मुताबिक 3 मई 2026 को बेलसिया छेदैया (32) गांव के झोंकाखार खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान आरोपी ननद मालती मरकाम वहां पहुंची और पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने बेलसिया के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्वस्त्र कर दिया, ताकि मामला दुष्कर्म जैसा लगे और पुलिस गुमराह हो जाए। शुरुआती जांच में रेप के एंगल से हुई जांच घटना की सूचना मिलने के बाद लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खेत में महिला का शव संदिग्ध हालत में पड़ा था। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। शव निर्वस्त्र मिलने के कारण शुरुआती जांच में पुलिस इसे रेप के बाद हत्या का मामला मान रही थी। पुलिस ने मौके से छोटी कुल्हाड़ी, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, साड़ी पिन और अन्य सामान बरामद किया। एफएसएल और साइबर सेल की टीम ने भी जांच की। मेडिकल रिपोर्ट से खुला राज जांच और मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के साथ किसी प्रकार का दुष्कर्म नहीं हुआ था। शव को जानबूझकर निर्वस्त्र किया गया था, ताकि पुलिस का ध्यान भटकाया जा सके। इसके बाद पुलिस ने परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ शुरू की। लगातार पूछताछ में मालती मरकाम पर शक गहराया। 5 साल से मायके में रह रही थी आरोपी पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मालती मरकाम अपने पति नरेंद्र मरकाम से विवाद के कारण करीब 5 साल पहले ससुराल छोड़कर मायके ग्राम सिंगारपुर आ गई थी। पति शराब पीकर मारपीट करता था, जिसके कारण वह यहीं रहने लगी थी। इसी दौरान घर के कामकाज और जमीन-बंटवारे को लेकर उसकी भाभी बेलसिया से लगातार विवाद होता था। दोनों के बीच कई बार मारपीट भी हो चुकी थी। पहले भी कर चुकी थी हत्या की कोशिश पुलिस के मुताबिक करीब 6 महीने पहले भी मालती ने भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। भाभी के तानों और लगातार विवाद से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। सोशल मीडिया देखकर सीखा तरीका पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया में ऐसी घटनाओं के बारे में देखा था। वहीं से उसे यह आइडिया आया कि हत्या के बाद शव के कपड़े फाड़कर मामले को रेप जैसा दिखाया जा सकता है। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट ने पूरा सच सामने ला दिया। एसपी ने बनाई थी विशेष टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने विशेष जांच टीम गठित की थी। साइबर सेल, एफएसएल और थाना पुलिस की संयुक्त जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। Post navigation IPL टिकट का गोरखधंधा : 3500 की टिकट 5000 में… रायपुर में IPL मैच से पहले शुरू हुई ब्लैक मार्केटिंग CCTV में कैद हुआ खौफ: पिस्टल लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचा हत्यारा जीजा