रायपुर। राजधानी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर बढ़ोतरी कर दी गई। तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगे किए गए थे। यानी सिर्फ 4 दिनों के भीतर दूसरी बार कीमतें बढ़ने से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने लगा है।

राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल 104.32 रुपए प्रति लीटर और डीजल 97.38 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। बढ़ी हुई कीमतों ने वाहन चालकों, किसानों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और रोजमर्रा सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

4 दिन में कितना बढ़ा दाम?

पेट्रोल

  • पहले कीमत लगभग: 100.42 रुपए प्रति लीटर
  • अब कीमत: 104.32 रुपए प्रति लीटर
  • कुल बढ़ोतरी: 3.90 रुपए प्रति लीटर

डीजल

  • पहले कीमत लगभग: 93.48 रुपए प्रति लीटर
  • अब कीमत: 97.38 रुपए प्रति लीटर
  • कुल बढ़ोतरी: 3.90 रुपए प्रति लीटर

डीजल की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाले फल, सब्जियां, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम में और तेजी आ सकती है।

खेती-किसानी पर भी इसका सीधा असर पड़ने वाला है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और पंपिंग सेट जैसे कृषि उपकरण डीजल से चलते हैं। ऐसे में किसानों की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है। पहले से बढ़ती खाद और सिंचाई लागत के बीच ईंधन महंगा होने से किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है।

सार्वजनिक परिवहन भी इससे प्रभावित होगा। बस ऑपरेटर, ऑटो चालक और स्कूल वाहन संचालक किराया बढ़ा सकते हैं। इससे रोज सफर करने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

इधर Raigarh जिले के खरसिया में खाद्य विभाग ने वंदना पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। विभागीय जांच में स्टॉक में अनियमितता और नियमों की अनदेखी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हलचल बढ़ गई है।

इससे पहले ईंधन कीमत बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने की अफवाहों के बीच रायपुर समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल भरवाते नजर आए थे। हालांकि फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

प्रशासन ने ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर की जा सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी बड़ी वजह है। पहले क्रूड ऑयल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *