रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur के सड्डू इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र ट्यूशन पढ़ने के लिए पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा शासकीय स्कूल के पास हुआ, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पहिए चढ़ने के बाद भी उठ खड़ा हुआ बच्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि टैंकर के पहिए चढ़ने के बाद भी छात्र कुछ पल के लिए उठकर खड़ा हुआ, लेकिन फिर अचानक सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इलाके में मचा हड़कंप

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में गुस्सा और दुख दोनों देखने को मिला। हादसे के बाद परिवार पूरी तरह सदमे में है। मृतक छात्र की पहचान महावीर शर्मा के रूप में हुई है, जो सड्डू स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी था।

CCTV में दिखी हादसे से पहले की हलचल

पुलिस को मिले CCTV फुटेज में हादसे से कुछ सेकेंड पहले एक बाइक सवार भी दिखाई दे रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर अचानक हुई हलचल के कारण बच्चा टैंकर के बेहद करीब पहुंच गया होगा।

ड्राइवर फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने ड्राइवर की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है। विधानसभा थाना पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इलाके में घटना के बाद शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *